Monday, December 17, 2018

डीएमके प्रमुख स्टालिन ने बढ़ाया प्रधानमंत्री के लिए राहुल का नाम, विपक्ष हैरान: प्रेस रिव्यू

डीएमके प्रमुख एम के स्टालिन ने प्रधानमंत्री पद के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की उम्मीदवारी का समर्थन किया है.

हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक स्टालिन ने रविवार को विपक्ष के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में राहुल को समर्थन देने का एलान किया.

राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई बड़े नेता चेन्नई स्थित डीएमके मुख्यालय में दिवंगत एम करुणानिधि की प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल हुए थे.

उसी दौरान डीएमएक प्रमुख ने सभी विपक्षी नेताओं को हैरान करते हुए कहा, "मैं तमिलनाडु की ओर से राहुल गांधी को उम्मीदवार बनाने का प्रस्ताव देता हूं."

अगले साल यानी 2019 में ही आम चुनाव होने हैं. और पांच दिन पहले ही कांग्रेस ने तीन बड़े राज्यों के विधान सभा चुनावों में जीत दर्ज की है. ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का कद विपक्ष के नेताओं में बढ़ गया है.

रायबरेली में मोदी का हमला
एनडीए के रक्षा समझौतों में क्वात्रोकी मामा या मिशेल अंकल नहीं थे, इसलिए कांग्रेस "झल्लाई" हुई है और "झूठ" बोल रही है.

ये बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायबरेली में कही. रफाल सौदे में सुप्रीम कोर्ट की ओर से न्यायिक हस्तक्षेप की मांग को खारिज करने के बाद प्रधानमंत्री ने किसी सार्वजनिक मंच पर पहली बार कुछ बोला है.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक तीन राज्यों में हार के बाद पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र पहुंचे नरेंद्र मोदी ने सवाल उठाया कि कारगिल युद्ध के बाद सेना की मांग के बावजूद कांग्रेस ने वायु सेना को मज़बूत क्यों नहीं किया.

मध्य प्रदेश में ईवीएम पर शक, होगी जांच
मध्य प्रदेश के निर्वाचित मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में सबसे बड़े दल के तौर पर सामने आने बावजूद कांग्रेस का विंध्य क्षेत्र में ईवीएम की विश्वसनीयता पर शक बरकरार है और इस इलाके में हुए वोटिंग पैटर्न की वह विशेषज्ञों से निष्पक्ष जांच कराएगी.

ये खबर जनसत्ता समेत कई अखबारों में है. खबर है कि कमलनाथ सोमवार यानी आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं.

प्रदेश में 11 दिसंबर को मतगणना हुई थी. कांग्रेस का इस बार विंध्य इलाके में सबसे खराब प्रदर्शन रहा.

कांग्रेस को वहां 30 में से सिर्फ 6 सीटें हासिल हुईं, जबकि बीजेपी के खाते में 24 सीटें गईं.

मंदिर एनडीए का नहीं बल्कि एक पार्टी का एजेंडा है'
एनडीए में बीजेपी के सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख राम विलास पासवान के बेटे और जमुई से सांसद चिराग पासवान ने कहा कि राम मंदिर एक पार्टी का एजेंडा हो सकता है, ना कि पूरे एनडीए और केंद्र सरकार का.

इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक उन्होंने कहा कि 2019 के आम चुनाव में बीजेपी विकास के एजेंडे के साथ चुनाव लड़ेगी.

एलजेपी संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि बीजेपी को किसी को भी राम मंदिर और बजरंगबली की जाति जैसे मुद्दों को उठाकर जनता में भ्रम पैदा करने का मौका नहीं देना चाहिए.

पासवान ने कहा, "हमने 10 दिसंबर को हुई एनडीए की मीटिंग में साफ कहा था कि हमें विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ना है.

सबरीमला:ट्रांसजेंडरों के समूह को पुलिस ने लौटाया

सबरीमला मंदिर में पूजा के लिए जा रहे ट्रांसजेंडरों के एक समूह को पुलिस ने मंदिर से 60 किलोमीटर दूर इरूमेली में ही रोककर वापस भेज दिया.

ट्रांसजेंडरों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनको प्रताड़ित किया और कहा कि उनके दर्शन पर प्रतिबंध नहीं है, लेकिन इस मुद्दे पर कानूनी स्पष्टता की ज़रूरत है.

हिंदुस्तान अखबार की खबर के मुताबिक दर्शनों के लिए पारंपरिक परिधान काली साड़ी पहनकर चार ट्रांसजेंडर मंदिर जा रहे थे.

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने अयप्पा मंदिर जाने के लिए उन्हें पुरुषों जैसी पोशाक पहनने को कहा और सुरक्षा देने से भी इनकार कर दिया

No comments:

Post a Comment